जौनपुर में बदमाशों की दहशत, ऑफिस में घुसकर टीवी चैनल के पत्रकार को मारी गोली

जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में टीवी चैनल के पत्रकार को उसके दफ्तर में घुसकर दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी। हाथ में गोली लगने से घायल पत्रकार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार टीवी पत्रकार देवेन्द्र खरे चांदपुर के पास अपने चैनल के दफ्तर में देर शाम बैठे थे। उनके साथ चार और लोग भी दफ्तर में थे। उसी समय दो नकाबपोश बदमाश बाइक से पहुंचे और दफ्तर में घुस गए। बदमाशों ने देवेंद्र पर फायरिंग कर दी। बचने की कोशिश में गोली देवेंद्र के हथेली को छिलती हुई निकल गई।
फायरिंग की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए भागे देवेंद्र पर पीछे से भी बदमाशों ने गोली चलाई। बदमाशों को गोली चलाते देख आसपास के लोगों ने पथराव कर दिया। लोगों को जुटते देख दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देवेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया। देवेंद्र ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। वारदात के कारणों का पता नहीं चला।
INFन्यूज , रणविजय सिंह