भाजपा सदस्यता संगठन महापर्व 2024 कार्यक्रम आयोजित किया गया।
खीरों, रायबरेली। विकास क्षेत्र के गांव गांव रनापुर पहरौली के पंचायत भवन परिसर में बुधवार को भाजपा के सदस्यता संघटन महापर्व 2024 कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं विदेशों में भारत की बुराई करने वाले नेता के भारतीय होने पर सवाल उठाए और सपा के पीडीए पर जमकर प्रहार किया।
रनापुर पहरौली के पंचायत भवन परिसर में आयोजित भाजपा के सदस्यता संघटन महापर्व 2024 कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा का एक सूत्रीय कार्यक्रम सबका साथ सबका विकास है। भाजपा सरकार की सभी योजनाओं का लाभ हर जाति, धर्म, संप्रदाय के लोगों को बिना किसी भेदभाव के मिल रहा है। लेकिन सपा का पीडीए का एजेंडा है। जिसमें वह पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक लोगों को अपना वोट बैंक बनाना चाहते हैं। लेकिन सपा की सरकार बनने की नौबत आ जाय तो वह किसी पिछड़े,दलित या अल्पसंख्यक वर्ग के व्यक्ति को मुख्यमंत्री नहीं बना सकते।
वह खुद ही मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। रायबरेली के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में दिए गए वक्तव्य पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जो नेता विदेशों में जाकर भारत की बुराई करता है। भारत की स्थिति और दशा को दयनीय बताकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब करता है वह भारतीय नहीं हो सकता। जिसकी रगों में भारत का खून दौड़ रहा है वह विदेशों में अपने देश की छवि खराब करने का जघन्य पाप नहीं कर सकता। राहुल गांधी ने विदेशों में भारत की छवि धूमिल कर पूरे देश को अपमानित किया है। इसलिए उन्हें पूरा देश माफ नहीं करेगा। इस अवसर पर दिनेश प्रताप सिंह ने सभी लोगों से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की अपील की । इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष शिवराम सिंह के साथ खीरों मंडल के सभी पदाधिकारी, क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष उपस्थित थे।
रिपोर्ट- राम मोहन
+ There are no comments
Add yours