धमाके के साथ फटा ऑक्सीजन सिलेंडर, सप्लाई करने वाले कर्मचारियों के चिथड़े उड़े

Photo INF NEWS                                     जेपीएस अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर डाला से उतारते समय फट गया। हादसे में दो कर्मचारियों के चीथड़े उड़ गए। उन्हें गंभीर हालत में ट्रामा में भर्ती कराया गया है

 

लखनऊ में बालागंज चौराहे के पास एक अस्पताल के बाहर ऑक्सीजन सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर सप्लाई करने वाले दो कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। उनके हाथ पैर के चिथडे़ उड़ गए। एक के सिर का हिस्सा भी उड़ गया। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। हालत बेहद नाजुक है। हादसा देख आसपास इलाके में दहशत फैल गई।

फरीदीपुर निवासी संजय का ऑक्सीजन प्लांट है। उनके मुताबिक जेपीएस अस्पताल में सिलेंडर की सप्लाई करने के लिए उनके कर्मचारी शोभित और आरिफ डाला लेकर गए थे। अस्पताल के बाहर डाला खड़ा करने के बाद जैसे ही दोनों ने पीछे जाकर सिलेंडर उठाने का प्रयास किया वैसे ही एक सिलेंडर में धमाका हो गया। आरिफ और शोभित उछल कर दूर जा गिरे। हाथ पैर और शरीर के कई हिस्सों के चिथड़े हो गए।

खून से लथपथ सड़क पर पड़ा देख उनको कोई हाथ तक नहीं लगा रहा था। 108 एंबुलेंस की टीम पहुंची। पुलिस कर्मियों की मदद से दोनों को अस्पताल भिजवाया गया। एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि घायलों का इलाज प्राथमिकता है। बाकी जांच में देखा जाएगा कि हादसे की वजह क्या है। उधर जेपीएस अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनकी तरफ से कोई ऑर्डर ऑक्सीजन सिलेंडर का नहीं दिया गया था।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours