चंबल नदी के बीच में फंसा यात्रियों से भरा स्टीमर

Estimated read time 1 min read

 आगरा: चंबल नदी के बीच में फंसा यात्रियों से भरा स्टीमर, दो घंटे तक अटकी रहीं 100 से अधिक लोगों की सांसें
मंगलवार को चंबल नदी में यात्रियों से भरा स्टीमर फंस गया। स्टीमर फंसते ही लोगों में चीख-पुकार मच गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यात्रियों को सकुशल निकाला गया। एसडीएम ने स्टीमर संचालन को बंद करा दिया है।

उत्तर प्रदेश के आगरा के पिनाहट क्षेत्र में मंगलवार को चंबल नदी की बीच धारा में यात्रियों से भरा एक स्टीमर फंस गया। नदी के बीचों-बीच फंसने से यात्रियों की सांसें अटक गईं। अफरा-तफरी और चीख-पुकार मचने लगी। सूचना पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग के टीम पहुंच गई। दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम ने मोटर बोट से यात्रियों को बाहर निकाला। तब जाकर लोगों की जान में जान आई। स्टीमर में 120 के करीब लोग सवार थे, जोकि नदी पार करके यूपी सीमा से मध्य प्रदेश जा रहे थे।

INF IMAGE : AGRA

मामला मंगलवार शाम करीब 5 बजे का है। पिनाहट से एक स्टीमर यात्रियों को लेकर चंबल नदी से ले जा रहा था। नदी के बीच में बन रहे पुल के पिलरों की सरियों में स्टीमर फंस गया। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। काफी देर तक स्टीमर संचालकों ने प्रयास किया, लेकिन जब काम नहीं बना तो उन्होंने नदी किनारे बैठे लोगों से मदद मांगी। तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वन विभाग की टीम को बुलाया। वन विभाग की टीम मोटर बोट लेकर पहुंची। इसके बाद यात्रियों को स्टीमर से उतारकर मोटर बोट से नदी के पार लाया गया। थाना प्रभारी नीरज पंवार ने बताया कि सभी यात्रियों को सकुशल निकाल लिया गया है।

 चंबल नदी पर चल रहा है पुल निर्माण
चंबल नदी की बीच धारा में फंसने से 120 यात्रियों की जान जोखिम में आ गई। कुरावली पिनाहट के शिवदत्त शर्मा ने बताया कि चंबल नदी से उस पार जाने के लिए रोजाना स्टीमर चलता है। नदी के उस पार जाने के लिए रोजाना यात्रियों को ले जाया जाता है। शिवदत्त शर्मा ने बताया कि संचालक लापरवाही से स्टीमर को चलाता है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन फिर भी सुधार नहीं हुआ। यूपी और एमपी की सीमा को जोड़ने के लिए चंबल नदी पर पुल का निर्माण चल रहा है। नदी के बीच में पिलरों का निर्माण कार्य हो रहा है। पिलर में लगी सरिया में स्टीमर फंस गया था।

 एसडीएम ने बंद कराया स्टीमर संचालन
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम बाह कृष्णानंद तिवारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्टीमर संचालन को बंद करवा दिया है। साथ स्टीमर को पुलिस के सुपुर्द करवा दिया है। इस घटना के बाद एसडीएम ने कार्रवाई के करने के निर्देश दिए हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours