कानपुर में तापमान 45 पार, गर्म हवाओं से तपा शहर; मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

Estimated read time 1 min read

कानपुर में तापमान 45 पार, गर्म हवाओं से तपा शहर; मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

राजस्थान के थार मरुस्थल की हवाएं तेज गति से कानपुर परिक्षेत्र पहुंचीं। तपिश से शहरी हलकान रहे। गुरुवार को कानपुर में तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को प्रदेश में कानपुर सबसे गर्म शहर रहा है। पारा अपनी अधिकतम ऊंचाई तक चढ़ गया। एयरफोर्स स्टेशन क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। यह प्रदेश में अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। वहीं सीएसए की मौसम वेधशाला में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। एयरफोर्स सबस्टेशन क्षेत्र और सीएसए में अलग-अलग रिकार्ड किए गए दोनों तापमान इस सीजन के सबसे अधिक हैं।
सीएसए के मौसम विभाग प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि एयरफोर्स सबस्टेशन क्षेत्र और सीएसए में ढाई-तीन डिग्री सेल्सियस का फर्क रहता है। राजस्थान के थार मरुस्थल से आ रहीं गर्म हवाओं ने तापमान बढ़ा दिया। गुरुवार को अधिकतम तापमान सबसे अधिक रहा। लू के थपेड़ों से शहरी हलकान रहे। दोपहर को तपिश जब चरम पर रही तो सड़कों पर भीड़ कम हो गई। अधिक देर तक धूप में रहे लोग हीट एग्जाशन की चपेट में आ गए। उन्हें हैलट ओपीडी लाया गया।
सीएसए के मौसम विभाग के प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि अधिकतम तापमान अभी और बढ़ेगा। माहौल में नमी के कारण गर्मी जितनी है, उससे अधिक लगेगी। गुरुवार को सीएसए में अधिकतम तापमान सामान्य औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 42.4 डिग्री रहा। रात का न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से थोड़ा अधिक 25 डिग्री रहा। वहीं एयरफोर्स सबस्टेशन क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सीएसए के मौसम विभाग प्रभारी डॉ. पांडेय का कहना है कि शुक्रवार को लगभग एक डिग्री तापमान और बढ़ने का अनुमान है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान और बढ़ सकता है। इस दौरान बाहर निकलने से बचें। शनिवार से हवाओं का रुख बदलने से मौसम में बदलाव हो सकता है।


इस बार मानसून के समय से कानपुर परिक्षेत्र पहुंचने की उम्मीद है। मानसून गतिविधियां 21 मई से बंगाल की खाड़ी में शुरू हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र समेत उत्तर भारत में अभी मौसम इसी तरह रहने की उम्मीद है। दूसरे प्रदेशों में चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र बने हुए हैं, लेकिन उनका असर कानपुर पर नहीं आएगा। मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तपिश फसलों के लिए नुकसानदेह है। अगले पांच दिन हल्के बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना नहीं है।
कंकरीट की वजह से बढ़ जाता तापमान
सीएसए के मौसम विभाग प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि सीएसए के आसपास ग्रीन बेल्ट है और पेड़-पौधे, हरियाली है। इससे तापमान कुछ कम रहता है। वहीं एयरफोर्स सबस्टेशन के आसपास चारों तरफ कंकरीट की अधिकता है। इस वजह से तापमान अधिक हो जाता है। कंकरीट की वजह से दोनों स्थानों के बीच में दो से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान में फर्क रहता है।

तापमान
अधिकतम- 42.4 डिग्री सेल्सियस- 2 अधिक
न्यूनतम- 25 डिग्री सेल्सियस- 0.3 अधिक

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours